MP Weather News: बैतूल समेत MP के 13 जिलों में बारिश का रेड अलर्ट जारी, अत्याधिक भारी वर्षा होने की संभावना
MP Weather News: Red alert issued for rain in 13 districts of MP including Betul, possibility of heavy rain
MP Weather News: मध्य प्रदेश के कई जिलों में बुधवार रात से जिले में बारिश की झड़ी लगी है। लगातार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग भोपाल ने बैतूल में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे के दौरान जिले में भारी बारिश की संभावना जताई है।
बुधवार रात से बारिश का दौर शुरू हुआ। जिला मुख्यालय से लेकर सभी ब्लॉकों में कहीं तेज तो कहीं रिमझिम बारिश जारी है। गुरूवार सुबह से बारिश का दौर जारी है। बारिश के कारण लोगों ने घरों के बाहर निकलने से परहेज करते रहे। कोई जरूरी कामकाज होने की स्थिति में ही लोग बाहर निकले। दिन भर आसमान में घने बादलों का जमावड़ा था और रिमझिम बारिश जारी रही। भू-अभिलेख कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार रात से गुरूवार सुबह 8 बजे तक बैतूल में 23.2, घोड़ाडोंगरी 3.0, चिचोली 16.0, शाहपुर 11.4, मुलताई 26.0, प्रभातपट्टन 17.2, आमला 25.0, भैंसदेही 19.0, आठनेर 18.2, भीमपुर 19.2 मिमी बारिश दर्ज की है। अब तक जिले में कुल औसत बारिश का आंकड़ा 601.8 यानी 24 इंच बारिश हो चुकी है। जबकि गत वर्ष अब तक औसत बारिश 884.2 यानी 35 इंच बारिश हो चुकी थी।
भारी बारिश का अलर्ट जारी
मौसम विभाग भोपाल ने गुरूवार को मौसम का पूर्व अनुमान जारी किया है। जिसमें जबलपुर, नरसिंगपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडोरी, विदिशा, नर्मदापुरम, रायसेन, बैतूल, कटनी और पन्ना जिले में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि इन स्थानों पर अत्याधिक भारी वर्षा होने की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने बारिश का रेड अलर्ट तो जारी किया, लेकिन जिला प्रशासन की तरफ से अभी तक कोई एहतियात बरतने को लेकर कोई निर्देश जारी नहीं किए है।




