Betul Road Accident Today: खड़े ट्रक में घुसी कार, 1 की मौत, दुल्हा-दुल्हन घायल, हाईवे पर हुआ हादसा
Betul Road Accident Today: Car rammed into a parked truck, 1 killed, bride and groom injured, accident on highway
Betul Road Accident Today: नागपुर-भोपाल हाईवे ससुन्द्रा बैरियर के पास कार खड़े ट्रक में घुस गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। दुल्हा-दुल्हन सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भर्ती किया है। हादसे से निकाह की खुशियां मातम में बदल गई।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इटारसी निवासी युवक का निकाह वर्धा में हुआ। निकाह के बाद दुल्हा-दुल्हन और परिजन कार से वापस इटारसी आ रहे थे। इसी दौरान बुधवार अल सुबह फोरलेन बैतूल-ससुन्द्रा बैरियर के पास कार हाईवे किनारे खड़े ट्रक में घुस गई। हादसे में आदिल (22) की मौके पर ही मौत हो गई है। वहीं परवीन पिता असलम बेग (42), शोयेब पिता असलम बेग (22), रेहना पति शोयेब बेग (21) और दीपेश (30) घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए तत्काल जिला अस्पताल लाया गया।
पुलिस के मुताबिक कार चालक को नींद की झपकी आने के कारण हादसा होने की जानकारी सामने आई है। कार चालक तेज गति से कार चला रहा था। तभी उसे नींद की झपकी आ गई और उसने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया। कार सीधे ट्रक में घुस गई। हादसे में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में मृतक युवक का जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे की जांच में जुट गई है।



