Betul News : एएनसी पंजीयन में कम प्रगति पर 2 बीएमओ के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश, इन डॉक्टरों का कटेगा वेतन

स्वास्थ्य केंद्रों पर अनुपस्थित रहने वाले अनुबंधित चिकित्सकों के विरुद्ध होगी सख्त कार्रवाई, अनुबंध अवधि भी बढ़ेगी : कलेक्टर डॉ. सोनवणे

Betul News :  बैतूल कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने गर्भवती महिलाओं के एएनसी पंजीयन, अनमोल एएनसी पंजीयन, एनीमिया से ग्रसित गर्भवती महिलाओं का प्रबंधन, गर्भवती महिलाओं के पीआईएच प्रबंधन, हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं को प्रसव के दौरान अस्पताल में भर्ती कराने तथा होम बेस्ड न्यूबॉर्न केयर सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने गर्भवती महिलाओं के एएनसी पंजीयन में समग्र आईडी उपलब्ध नहीं होने के कारण आ रही कमी को दूर करने के लिए जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों से समन्वय कर शत-प्रतिशत समग्र आईडी बनवाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आगामी गुरुवार तक समग्र आईडी से संबंधित कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए। एएनसी पंजीयन में प्रगति लाने के लिए आठनेर एवं चिचोली बीएमओ को विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। वहीं, अनमोल एएनसी पंजीयन की ब्लॉकवार समीक्षा के दौरान कम प्रगति पाए जाने पर आठनेर एवं प्रभातपट्टन बीएमओ के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए।

अनुपस्थित चिकित्सकों पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई

मध्यम एनीमिया से ग्रसित गर्भवती महिलाओं के प्रबंधन की समीक्षा के दौरान शाहपुर के डाबरी स्वास्थ्य केंद्र में अनुबंधित चिकित्सक के अनुपस्थित रहने की जानकारी मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित चिकित्सक जितने दिन अनुपस्थित रहे हैं, उतने दिनों के आधार पर उनका अनुबंध बढ़ाया जाए। साथ ही सभी बीएमओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी अनुबंधित चिकित्सक बिना उचित कारण अनुपस्थित रहता है तो उसके विरुद्ध अनुबंध अवधि बढ़ाने के साथ अन्य अनुशासनात्मक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।

सभी डिलीवरी पॉइंट सक्रिय रखें, चिकित्सकों को दें व्यावहारिक प्रशिक्षण

कलेक्टर डॉ सोनवणे ने गर्भवती महिलाओं के पीआईएच प्रबंधन की समीक्षा करते हुए कहा कि गर्भवती महिलाओं की नियमित रूप से सभी आवश्यक जांच पूरी संवेदनशीलता के साथ की जाए, ताकि प्रसव के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति निर्मित न हो। उन्होंने जिले के सभी डिलीवरी पॉइंट के संचालन की समीक्षा करते हुए उन्हें नियमित रूप से क्रियाशील रखने के निर्देश दिए। मोरखा एवं बारनवाड़ी डिलीवरी पॉइंट को भी शीघ्र सक्रिय करने के लिए कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि डिलीवरी पॉइंट बंद पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के वेतन आहरण पर रोक लगाई जाएगी। यदि संबंधित क्षेत्र की सामान्य प्रसव योग्य गर्भवती महिलाएं अन्य क्षेत्र में प्रसव के लिए जाती हैं तो संबंधित डिलीवरी पॉइंट की आशा कार्यकर्ता के इंसेंटिव पर भी रोक लगाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं उप स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सकों की डिलीवरी एवं आपातकालीन उपचार संबंधी क्षमताओं को विकसित करने के लिए कैपेसिटी बिल्डिंग कार्यक्रम आयोजित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि चिकित्सकों को केवल सैद्धांतिक जानकारी देने के बजाय प्रैक्टिकल प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे स्वयं प्रभावी उपचार कर सकें। सभी चिकित्सकों का व्यवस्थित ड्यूटी रोस्टर तैयार करने तथा मुलताई ब्लॉक में डिलीवरी पॉइंट का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने विगत तीन माह के नॉन-फंक्शनल डिलीवरी पॉइंट से संबंधित चिकित्सकों के इंसेंटिव की रिकवरी करने तथा बिना उचित कारण मरीजों को रेफर करने पर संबंधित चिकित्सक से मरीज के उपचार में हुए व्यय की वसूली करने के निर्देश दिए। प्रत्येक रेफरल का ऑडिट करने और अनावश्यक रेफरल करने वाले चिकित्सकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा।

नवजात शिशुओं की देखभाल एवं टीकाकरण की नियमित मॉनिटरिंग करें

कलेक्टर डॉ सोनवणे ने होम बेस्ड न्यूबॉर्न केयर कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए एचबीएनसी एवं रेफरल के कारणों की फोटो आधारित एक्सेल शीट के माध्यम से नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसएनसीयू के संचालन की समीक्षा करते हुए कहा कि ब्लॉक स्तर पर बच्चों के प्राथमिक उपचार में गंभीरता बरती जाए, ताकि उन्हें समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
टीकाकरण की ब्लॉकवार प्रगति की समीक्षा के दौरान कम उपलब्धि वाले क्षेत्रों की एएनएम से प्रत्यक्ष जानकारी ली गई। उन्होंने संबंधित प्रगति का सत्यापन कराने तथा कम उपलब्धि वाले कर्मचारियों को जिला स्तर पर आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में उपस्थित कर जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। टीकाकरण कार्य में लापरवाही पाए जाने पर प्रभातपट्टन के बीईई के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

एनआरसी का पूर्ण क्षमता से संचालन सुनिश्चित करें

बैठक में कलेक्टर डॉ सोनवणे ने मातृ मृत्यु के प्रकरणों के कारणों एवं पोषण पुनर्वास केंद्रों (एनआरसी) की ऑक्यूपेंसी की समीक्षा की। उन्होंने शाहपुर स्थित एनआरसी को उपलब्ध बेड की पूर्ण क्षमता के अनुरूप संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विकासखंडों में पोषण क्लिनिक संचालित कर नियमित रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। एनआरसी के संचालन में लापरवाही पाए जाने पर भीमपुर सीडीपीओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ सोनवणे ने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़े सभी कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की जवाबदेही तय करते हुए योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजीव शर्मा, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ प्रांजल उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहें।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button