Betul Board Exam News : कक्षा 12वीं के प्रश्र पत्र में बना एक नकल प्रकरण, 229 विद्यार्थी परीक्षा से रहे अनुपस्थित
Betul Board Exam News: A cheating case was registered in the Class 12 question paper, 229 students were absent from the exam.
Betul Board Exam News : बैतूल माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हायर सेकंडरी की परीक्षा में शुक्रवार को एक नकल प्रकरण सामने आया है। कई विद्यार्थी परीक्षा से अनुपस्थित भी रहे। उड़नदस्तों द्वारा विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण भी किया गया। परीक्षा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को कक्षा 12वीं का भौतिक शास्त्र, अर्थ शास्त्र, पशुपालन, विज्ञान के तत्व का प्रश्र पत्र संपन्न हुआ। परीक्षा में 13762 विद्यार्थी दर्ज थे। इसमें से 229 विद्यार्थी परीक्षा से अनुपस्थित रहे।
13533 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा को लेकर 24 उड़नदस्ते बनाए थे, जिन्होंने अलग-अलग परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया है। परीक्षा में निरीक्षण के दौरान पर्यवेक्षक द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चिखलीकला परीक्षा केंद्र पर एक विद्यार्थी को नकल करते पकड़ा गया। 12वीं के दूसरे प्रश्र पत्र में पहला नकल प्रकरण सामने आया है।
दो केंद्रों पर हुई 10वीं की परीक्षा
शुक्रवार को कक्षा दसवीं की बोर्ड परीक्षा की भी शुरुआत हो गई। कक्षा दसवीं का पहला प्रश्र पत्र उर्दु विषय का था। परीक्षा दो केंद्रों पर आयोजित हुई जिसमें 29 परीक्षार्थी सम्मिलित होना था, लेकिन 28 विद्यार्थी ही परीक्षा में शामिल हुए। 1 विद्यार्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहा। दसवीं की परीक्षा में एक भी नकल प्रकरण सामने नहीं आया है।



