Betul News : प्रभारी मंत्री ने मंडी का किया औचक निरीक्षण, व्यापारी के लाइसेंस स्थगित और उपज जप्त करने के दिये निर्देश
Betul News: Minister in charge conducted a surprise inspection of the market, gave instructions to suspend the trader's license and confiscate the produce.
Betul News : लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने गुरुवार को बडोरा मंडी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने यहां किसानों से आत्मीय चर्चा कर मंडी की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने किसानों द्वारा बताई गई समस्या पर मंडी सचिव को सख्त निर्देशित किया कि किसानों की उपज क्रम अनुसार ही नीलाम और उठाव कराए। जिसके लिए व्यवस्थित सिस्टम भी बनाया जाए। उन्होंने विगत दिनों 12 व्यापारियों को दिए गए नोटिस के सम्बन्ध में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि व्यापारियों पर लगाए गए अर्थदंड की राशि जमा नहीं होने पर सम्बन्धित व्यापारी का लाइसेंस स्थगित किया जाएं। साथ ही माल भी जप्त कराए।
प्रभारी मंत्री श्री पटेल ने निर्देश दिए कि मंडी की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाएं। अन्नदाता किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो यह हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। किसानों की समस्या का त्वरित समाधान किया जाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर सख्त एक्शन लिया जाएगा। उन्होंने कहा हम्माल तुलावटी के सम्बन्ध में भी व्यवस्थित सिस्टम बनाएं। प्रयास ये हो मंडी में आने वाले किसानों की उपज की उसी दिन नीलामी और उठाव हो जाएं।

इस दौरान जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य श्री सुधाकर पवार, कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अक्षत जैन, एसडीएम श्री अभिजीत सिंह, प्रभारी मंडी सचिव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहें। प्रभारी मंत्री श्री पटेल ने मंडी में नीलामी प्रक्रिया के सम्बन्ध में जानकारी ली और व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार के उचित कदम उठाने के निर्देश दिए।


