MP News : सरकारी भर्तियों को लेकर होने वाली परीक्षा के संबंध में सीएम ने किया बड़ा ऐलान, रिक्त पदों पर होगी भर्ती
MP News: CM makes major announcement regarding government recruitment exams, vacant posts to be filled

MP News : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को बड़ा ऐलान किया कि अब मध्य प्रदेश में सभी सरकारी नौकरियों के लिए एक समान परीक्षा आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल अलग-अलग विभागों की भर्तियों के लिए अलग-अलग परीक्षाएं होती हैं, जिससे समय अधिक लगता है और युवाओं को रोजगार मिलने में देरी होती है। इसलिए, अब यूपीएससी की तर्ज पर एक संयुक्त परीक्षा प्रणाली लागू की जाएगी।
सीएम यादव राज्य कर्मचारी संघ के दिवाली मिलन समारोह में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग में रिक्त 20 हजार से अधिक पदों को अगले तीन वर्षों में भरा जाएगा। इसके साथ ही, विभिन्न संवर्गों के कर्मचारियों की वेतन विसंगति और ग्रेड पे से जुड़ी समस्याओं को सुलझाने के लिए सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी की अध्यक्षता में कर्मचारी आयोग का गठन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, “अधिकारी-कर्मचारियों का प्रमोशन होना चाहिए। हमने प्रयास किया है और जल्द ही इसका रास्ता निकल आएगा।”
महंगाई भत्ते पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केंद्र सरकार के समान भत्ता देने का काम कर रही है और अक्टूबर तक पांच किस्तों में एरियर भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि अधिकारियों के लिए आवास की व्यवस्था तेजी से की जा रही है।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं के लिए भी सरकार ने बड़ी घोषणा की है। उन्हें जीवन ज्योति बीमा योजना का लाभ दिया जाएगा, साथ ही 19,504 नए पदों की भर्ती प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।
सीएम ने यह भी कहा कि 1 जनवरी 2005 या उसके बाद नियुक्त कर्मचारियों के लिए यूपीएस योजना लागू करने हेतु एक समिति का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में चीन की यात्रा के बाद यह स्पष्ट हुआ है कि भारत और चीन के लोगों के बीच संबंधों को लेकर नई दृष्टि और सहयोग की आवश्यकता है।



