MP News : किसानों को फसल बीमा करने का अच्छा मौका, जाने अंतिम तिथि
MP News : बैतूल जिले में खरीफ मौसम 2025 में फसलों का फसल बीमा 1 जुलाई से प्रारंभ हो गया है, जो आगामी 7 जुलाई तक चलेगा। उप संचालक कृषि आनंद कुमार बड़ोनिया के द्वारा 1 जुलाई को उप संचालक कृषि कार्यालय से फसल बीमा सप्ताह का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही सभी तहसीलों में एसबीआई जनरल इंश्योरेंस के प्रतिनिधियों एवं कृषि विस्तार अधिकारीयो द्वारा ग्राम पंचायत स्तर पर जाकर फसल बीमा पाठशाला का आयोजन किया जा रहा है एवं कृषकों को फसल बीमा करवाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में फसल बीमा करवा कर जोखिमों एवं फसल बीमा के हित लाभ के बारे में जागरूक किया जा रहा है। फसल बीमा करवाने की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित है।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा करने की इच्छुक अऋणी किसान अपनी निकटतम बैंक शाखा, सहकारी समिति, अधिकृत चैनल एवं जन सेवा केंद्र सीएससी एवं कृषक स्वयं भी राष्ट्रीय फसल बीमा पोर्टल www.pmfby.gov.in पर जा कर ऑनलाइन आवेदन कर योजना से जुड़ सकते हैं। अऋणी कृषकों को फसल बीमा करवाने के लिए आवश्यक दस्तावेज-बैंक पासबुक, फसल बुवाई प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, बही एवं बटाईदार किसान या किराए पर ली गई भूमि के लिए मालिक द्वारा शपथ पत्र दिया जाना अनिवार्य है। उन्होंने जिले के किसानों से प्रधान मंत्री फसल बीमा योजना से जुड़कर योजना का लाभ लेने की अपील की है।



