Board Pariksha Mulyankan: तीसरी आंख की निगरानी में बोर्ड परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन, भोपाल से हो रही है मानीटरिंग

गूगल फ़ाइल फ़ोटो

बैतूल:  माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हाई स्कूल और हायर सेकंडरी परीक्षा के साथ उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य रविवार से प्रारंभ कर दिया है। कड़ी सुरक्षा और तीसरी आंख की निगरानी में मूल्यांकन कार्य हो रहा है।(Board pariksha mulyankan) पहले दिन जिला शिक्षा अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने मूल्यांकन केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों ने उचित दिशा निर्देश दिए हैं। मूल्यांकन प्रभारी सत्येंद्र उदयपुरे ने बताया कि रविवार से बोर्ड उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य प्रारंभ हुआ है। पहले चरण के मूल्यांकन के लिए जिले को 1 लाख 8 हजार 682 उत्तर पुस्तिकाएं मिली है, जिसमें हाईस्कूल की 49 हजार और हायर सेकंडरी की 69 हजार 673 उत्तर पुस्तिकाएं शामिल हैं। मूल्यांकन कार्य के लिए 350 शिक्षकों ने पंजीयन किया है। पहले दिन 52 शिक्षक मूल्यांकन कार्य करने के लिए पहुंचे। पूरी पारदर्शिता के साथ काम किया जा रहा है। माध्यमिक शिक्षा मंडल ने पहले ही निर्देश जारी कर व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए हैं।   परीक्षा के साथ मूल्यांकन कार्य प्रारंभ होने पर समय पर परीक्षा परिणाम आने की संभावना है।

सीसीटीवी कैमरों से हो रही है मॉनीटरिंग
मूल्यांकन केंद्र पर अलग-अलग कक्ष में कुल 25 सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। इन कैमरों के माध्यम से सीधे भोपाल से मूल्यांकन केंद्र की मानीटरिंग की जा रही है। इस बार जरा भी लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं है। जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भी बोर्ड ने सख्त निर्देश दिए हैं कि मूल्यांकन केंद्र पर किसी भी बाहरी व्यक्ति की आवाजाही न हो। मूल्यांकन करने वाले शिक्षकों को कक्ष के भीतर मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध लगाया है। पहले दिन जिला शिक्षा अधिकारी अनिल कुशवाह, जिला शिक्षा कार्यालय के योजना अधिकारी सुबोध शर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने मूल्यांकन केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्था देखी। मूल्यांकन की व्यवस्थाओं पर नजर रखने के लिए एक ऑब्जर्वर नियुक्ति किया है।

बिना बारकोड वाली उत्तर पुस्तिकाओं की जांच
मूल्यांकन केंद्र प्रभारी उदयपुरे ने बताया कि पहले चरण में बिना बारकोड वाले उत्तरपुस्तिकाओं की जांच हो रही है। मूल्यांकनकर्ताओं को मूल्यांकन के दौरान कई प्रकार की सावधानियां बरतने के निर्देश जारी किए हैं। उल्लेखनिय है कि माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल ने कक्षा दसवीं और बारव्हीं की बोर्ड परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी और हेरफेर न हो, इस वजह से कई बदलाव किए हैं। इस वर्ष परीक्षा में विद्यार्थियों को अतिरिक्त उत्तर पुस्तिकाएं नहीं दी गई। इस बार बीस पेज के बदले 32 पेज की उत्तर पुस्तिकाएं दी गई। कुछ उत्तरपुस्तिकाओं में बारकोड लगा है तो कुछ उत्तरपुस्तिकाएं बिना बारकोड के भी है। पहले चरण में बिना बारकोड वाली उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य प्रारंभ किया।
इनका कहना…
रविवार से बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य प्रारंभ कर दिया है। इस वर्ष सीधे भोपाल से सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से मानीटरिंग हो रही है।
सत्येंद्र उदयपुरे, मूल्यांकन केंद्र प्रभारी बैतूल।

Betul Weather : बैतूल में वज्रपात का यलो अलर्ट जारी, शाम को हुई झमाझम बारिश

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button