Betul Road Accident : बोलेरो और बाइक की भिड़ंत में 2 युवकों की मौत, एक युवक गंभीर घायल
Betul Road Accident: 2 youths killed, one seriously injured in collision between Bolero and bike
Betul Road Accident : बैतूल मंगलवार रात करीब 9 बजे गौठान रोड पर बोलेरो वाहन और बाइक की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में लोहिया वार्ड (गंज) निवासी दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार लोहिया वार्ड निवासी मुकेश पिता गुलाब वरवड़े (30 वर्ष), मुकेश पिता पन्तु चौकीकर (32 वर्ष) तथा रविकुमार इवने मंगलवार रात रानीपुर की ओर से बैतूल लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम चिखलार के पास बैतूल से रानीपुर की ओर जा रहे बोलेरो वाहन से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। बाइक से युवक कहां गए थे, और लौट रहे थे इसका पता नहीं चल पाया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रविकुमार इवने गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस एवं संजीवनी 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। घायल रविकुमार की सांसें चलने पर उसे तत्काल उपचार दिया गया। दोनों शवों को रात में जिला अस्पताल की मर्चुरी में सुरक्षित रखा गया था।
बुधवार सुबह जिला चिकित्सालय बैतूल में दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिए गए। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और लोहिया वार्ड सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बोलेरो वाहन की तलाश के साथ हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।



