पंडित प्रदीप मिश्रा के कुबेरेश्वर धाम में पहुंचे 10 लाख श्रद्धालु: आज सीएम शिवराज सिंह चौहान भी होंगे शामिल
MP के सीहोर जिले में स्थित कुबेरेश्वर धाम में इन दिनों श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ गया है। श्रद्धालुओं का अभी भी आना जारी है। इस बीच जानकारी मिली है कि CM शिवराज सिंह चौहान आज दोपहर सीहोर में पंडित प्रदीप मिश्रा के कुबेरेश्वर धाम जाएंगे। वह यहां शुरू हो रहे रूद्राक्ष महोत्सव महाकुंभ में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री भोपाल एयरपोर्ट से हेलिकॉप्टर से दोपहर 3 बजे सीहोर के लिए रवाना होंगे। वह सीहोर में करीब 1 घंटे रुकेंगे।
जानकारी के अनुसार 16 फरवरी से 22 फरवरी तक रुद्राक्ष महोत्सव चलेगा। अब तक करीब 10 लाख लोग इस महोत्सव में शामिल होने सीहोर पहुंचे हैं। सुबह 10 बजे तक 5 लाख श्रद्धालुओं को रुद्राक्ष बांटे गए। एक दिन पहले भी डेढ़ लाख रुद्राक्ष बांटे गए थे। लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने के कारण प्रशासन के हाथ पाव भी भूल गए हैं। व्यवस्था करना भी मुश्किल हो गया है। प्रदेश के कई जिलों से हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं का आना अभी भी जारी है। जानकारी लगी है कि श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण 15 से 20 किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया है।




