Prayagraj Viral Girls Monalisa : मोनालिसा विवाह मामले के पारधी परिवार के लोग आए सामने, उच्चस्तरीय जांच कर करवाई की मांग
Prayagraj Viral Girls Monalisa: People of Pardhi family came forward in Monalisa marriage case, demanded high level investigation and action.
Prayagraj Viral Girls Monalisa : बैतूल प्रयागराज महाकुंभ के दौरान वायरल हुई ‘मोनालिसाÓ से जुड़े विवाह प्रकरण को लेकर नया विवाद सामने आया है। मामले में पारधी समाज के लोगों ने गंभीर आरोप लगाकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। शुक्रवार को पारधी समाज के प्रतिनिधियों और महिलाओं ने राज्यपाल के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि मोनालिसा पारधी जनजातीय समाज से संबंधित हैं और उन्हें नाबालिग बताया जा रहा है। समाज के अनुसार, उपलब्ध दस्तावेजों में उनकी जन्मतिथि 30 दिसंबर 2009 दर्ज है, जिसके आधार पर उनकी उम्र लगभग 16 वर्ष 2 माह 12 दिन बताई गई है। इसी आधार पर यह दावा किया गया कि 11 मार्च 2026 को हुआ कथित विवाह कानूनन वैध नहीं हो सकता, क्योंकि नाबालिग विवाह भारतीय कानून के तहत अपराध की श्रेणी में आता है।समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि विवाह प्रक्रिया में फर्जी या कूटरचित जन्म प्रमाण पत्र का उपयोग किया गया हो सकता है। साथ ही यह भी कहा गया कि सरकारी अभिलेखों के साथ छेड़छाड़ कर गलत जानकारी के आधार पर विवाह संपन्न कराया गया। ज्ञापन में यह आशंका भी जताई गई कि इस पूरे प्रकरण में बाहरी राज्यों के कुछ संदिग्ध तत्वों और संगठनों की भूमिका हो सकती है, जिससे यह मामला केवल व्यक्तिगत नहीं बल्कि एक सुनियोजित षड्यंत्र जैसा प्रतीत होता है। पारधी समाज की महिलाओं ने मांग की कि इस मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार के फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए हैं या उनका उपयोग किया गया है, तो संबंधित व्यक्तियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
इसके अलावा ज्ञापन में यह भी मांग रखी गई कि कथित पीड़िता को तत्काल सुरक्षा प्रदान की जाए और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। समाज के प्रतिनिधियों ने यह भी आग्रह किया कि यदि इस मामले में किसी प्रकार की अंतरराज्यीय या संगठित भूमिका है, तो केंद्रीय एजेंसियों द्वारा भी जांच की जाए। समस्त महिला शक्ति और पारधी समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की है।



